
398 ग्रामीणों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार
वर्षा ऋतु में मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग की जनकल्याणकारी पहल
कलेक्टर श्रीमती रैना जमील के मार्गदर्शन में विकासखंड ओड़गी में आयोजित शिविर, ग्रामीणों को झाड़-फूंक छोड़ वैज्ञानिक उपचार अपनाने का संदेश
सूरजपुर/10 जुलाई 2026/* कलेक्टर श्रीमती रैना जमील के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के मार्गदर्शन में विकासखंड ओड़गी के ग्राम पंचायत कोल्हुआ में वृहद स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय चौहान एवं खंड कार्यक्रम प्रबंधक आयाम के सतत प्रयासों से आयोजित इस शिविर में वर्षा ऋतु में मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।

शिविर में कुल 398 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 100 से अधिक मरीज मौसमी बीमारियों से प्रभावित पाए गए। इस दौरान लगभग 40 महिलाओं का महिला स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण एवं उपचार किया गया, वहीं लगभग 50 मरीजों की उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) एवं मधुमेह (शुगर) की जांच की गई। इसके अतिरिक्त अन्य सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों को भी आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान मलेरिया, त्वचा रोग, क्षय रोग (टीबी) एवं कुष्ठ रोग सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। आवश्यकतानुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य जांचों हेतु रक्त नमूने भी संकलित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता, संतुलित आहार, सुरक्षित पेयजल, नशा मुक्ति एवं वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि सांप, बिच्छू अथवा अन्य विषैले जीव-जंतुओं के काटने पर किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक अथवा घरेलू उपचार का सहारा न लें, बल्कि तत्काल निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा शासकीय अस्पताल पहुंचकर वैज्ञानिक एवं समय पर उपचार प्राप्त करें, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
शिविर में स्वास्थ्य शिविर प्रभारी डॉ. सुरेश मिश्रा, डॉ. विकास दुबे, डॉ. अमन, डॉ. उपेंद्र, डॉ. चंद्रकला मिंज सहित सीतारावती, सतीश साहू, प्रेमलता सिंह, दीपक साहू एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों, ग्राम स्तरीय कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।