
सूरजपुर/14 मई 2026/ जिले में अधोसंरचना विकास, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा छात्रावासों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने विभिन्न निर्माणाधीन एवं संचालित परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) द्वारा निर्मित श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम, डिस्ट्रिक्ट जज आवास सहित निर्माणाधीन ज्यूडिशियल क्वार्टरों का जायजा लिया गया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम भवन में पाई गई कमियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने मरम्मत कार्य को बेहतर गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन ज्यूडिशियल क्वार्टरों को तय समयसीमा में पूर्ण करने को कहा।

इसके बाद हाउसिंग बोर्ड अंतर्गत कॉलेज स्टेडियम में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि खेल अधोसंरचना युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
कॉलेज स्टेडियम परिसर में आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन ओबीसी कन्या छात्रावास का निरीक्षण करते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नमदगिरि 250 सीटर कन्या छात्रावास में उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री उपयोग करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान शिवपार्क पहुंचकर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने नगर पालिका एवं वन विभाग को पार्क की नियमित सफाई और निर्मित अधोसंरचना के निरंतर रखरखाव के निर्देश दिए।
इसके अलावा पंचमंदिर तालाब का निरीक्षण करते हुए तालाब के सौंदर्यीकरण तथा आसपास के क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए नगर पालिका को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में गुणवत्तापूर्ण निर्माण, खेल सुविधाओं के विस्तार और छात्रावासों में सर्वसुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे नागरिकों एवं विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें।
इस निरीक्षण के दौरान सभी विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।