प्रशासन की त्वरित कार्रवाई: 17 वर्षीय बालिका का बाल विवाह रुकवाया

– टोल फ्री 1098 पर मिली सूचना के बाद संयुक्त टीम मौके पर पहुंची

सूरजपुर/06 मई 2026/ कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशन में जिले में बाल विवाह रोकथाम हेतु संचालित अभियान के तहत प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 17 वर्षीय बालिका का विवाह रुकवाने में सफलता प्राप्त की है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम बाल विवाह रोकथाम हेतु निरंतर सक्रिय है।

टोल फ्री नंबर 1098 पर मिली बाल विवाह की सूचना:-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टोल फ्री नंबर 1098 के माध्यम से सूचना मिली कि एक 17 वर्षीय बालिका का विवाह उसकी माता द्वारा दूसरे स्थान पर बालिका के मामा के घर ले जाकर कराया जा रहा है। सूचना प्राप्त होते ही जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनोज जायसवाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

दस्तावेजों की जांच में सामने आई वास्तविकता:-
टीम ने मौके पर पहुंचकर बालिका के शैक्षणिक दस्तावेजों की मांग की। प्रारंभ में परिजनों द्वारा आधार कार्ड प्रस्तुत किया गया, जिसमें बालिका की उम्र 18 वर्ष दर्शाई गई थी। तथापि, टीम द्वारा शैक्षणिक दस्तावेजों की मांग किए जाने पर परिजन टाल-मटोल करने लगे। काफी प्रयासों के पश्चात् जब शैक्षणिक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, तो उनमें बालिका की उम्र विवाह की निर्धारित आयु 18 वर्ष से 2 माह कम पाई गई। इसके पश्चात् लड़का पक्ष को फोन के माध्यम से समझाइश दी गई।

बालिका को बाल कल्याण समिति में किया गया प्रस्तुत:-
लड़की के परिजनों से बालिका को सुरक्षित रखने के संबंध में चर्चा की गई तथा विवाह के दिन बालिका को बाल कल्याण समिति, सूरजपुर के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। बालिका को बाल कल्याण समिति में प्रस्तुत करने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते चाइल्ड लाइन की टीम के साथ बालिका को चिकित्सालय में रखा गया। समझाइश के पश्चात् परिजन ने विवाह की न्यूनतम कानूनी उम्र पूर्ण होने ही बाद ही विवाह करायेंगे, इस पर अपनी सहमती दी।

कार्रवाई में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी:-
बाल विवाह रोकने की इस कार्रवाई में जिला बाल संरक्षण इकाई से श्री मनोज जायसवाल, श्री जैनेन्द्र दुबे, श्रीमती आरती राजवाड़े, चाइल्ड लाइन से श्री प्रकाश राजवाड़े, महिला एवं बाल विकास विभाग से पर्यवेक्षक श्रीमती शीला वर्मा, कुमारी जयश्री कैवर्त्य, श्रीमती राधा कंवर, तथा पुलिस विभाग से श्री महेन्द्र यादव, श्री अरविन्द पाण्डेय, श्री पिन्सल गिंज एवं श्री ओमप्रकाश सिंह उपस्थित रहे।

बाल विवाह की सूचना देने हेतु टोल फ्री नंबर 1098 पर करें संपर्क:-
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल चाइल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और बच्चों के भविष्य की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

0987654321