नगर पालिका परिषद सूरजपुर व राजस्व अमले की संयुक्त टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 9 सहित तुरियापारा में अतिक्रमण हटाकर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में सशक्त पहल

– आईडिया टावर के समीप एवं अन्य प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने चलाया जा रहा सतत अभियान

सूरजपुर/23 जुलाई 2026/ बरसात के मौसम में शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने हेतु नगर पालिका परिषद सूरजपुर व राजस्व अमले की संयुक्त टीम द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 9 स्थित आईडिया टावर के समीप तथा तुरियापारा सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर वर्षों से जमे अतिक्रमण को हटाते हुए जल निकासी की व्यवस्था को सुचारु एवं दुरुस्त करने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।
संयुक्त टीम द्वारा चिन्हांकित स्थलों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए नालियों एवं जल निकासी मार्गों में बाधा बन रहे अवैध निर्माणों तथा अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाया जा रहा है, जिससे वर्षा जल का सुगम प्रवाह सुनिश्चित हो सके और नागरिकों को जलभराव की समस्या से स्थायी निजात मिल सके। अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्रों में जल निकासी की सतत निगरानी भी की जा रही है, ताकि किसी भी स्थान पर पानी रुकने की स्थिति उत्पन्न न हो।


सीएमओ श्री मनीष गायकवाड द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। शहर के विभिन्न वार्डों में जहां-जहां जल निकासी बाधित होने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, जिससे मानसून सीजन में नागरिकों को अधिकतम राहत प्रदान की जा सके। कार्यवाही की प्रक्रिया मे सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

0987654321