सफलता की कहानी -जिले में सुचारु रूप से जारी है धान खरीदी, किसानों को मिल रही समुचित सुविधाएं

सूरजपुर/24 दिसंबर 2025/ जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप एवं कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशन में धान खरीदी कार्य सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से जारी है। शासन द्वारा जिले के 54 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त स्टाफ, स्टेकिंग एवं हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 23,893 टोकन जारी किए जा चुके हैं तथा कुल 2,77,084.92 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर भी जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी बनाए हुए है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में चेक पोस्ट स्थापित कर सघन जांच की जा रही है। अब तक 53 प्रकरणों में 3,799.40 क्विंटल अवैध धान जप्त किया जा चुका है।


केशवनगर समिति में धान विक्रय करने आए ग्राम गोरखनाथपुर निवासी किसान मानसिंह ने बताया कि उन्होंने समिति में 126 क्विंटल धान बेचा है। धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग वे अपने घरेलू कार्यों एवं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में करेंगे। उन्होंने समिति में उपलब्ध सुविधाओं एवं समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए शासन और प्रशासन का आभार जताया।
इसी प्रकार केशवनगर समिति में धान बेचने आई शिवनंदनपुर निवासी 44 वर्षीय महिला किसान मीना कुमारी ने बताया कि उन्होंने 40 क्विंटल धान विक्रय किया है। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त राशि का उपयोग वे अपने भतीजे की शादी में करेंगी। उन्होंने बताया कि समिति में तौल, ढुलाई सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और इसके लिए उन्होंने राज्य शासन एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
उल्लेखनीय है कि केशवनगर समिति में अब तक कुल 8,255.60 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसमें से 1,120 क्विंटल धान का उठाव भी किया जा चुका है। जिला प्रशासन की सतत निगरानी एवं व्यवस्थाओं के चलते धान खरीदी कार्य किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

0987654321