

सूरजपुर दिनांक 04 दिसम्बर 2025 रामानुजनगर-यूनिसेफ़ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में “सुरक्षित पारा-सुरक्षित लइकामन 3.0” अंतर्गत आज ग्राम शिवपुर में व्यापक ग्राम संपर्क एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामानुजनगर के रा.से.यो. इकाई के स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा बच्चों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को दैनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। इनमें हाथ धुलाई, व्यक्तिगत स्वच्छता, गुड टच-बैड टच, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक हिंसा, भू्रण हत्या एवं बाल विवाह जैसे संवेदनशील मुद्दे शामिल थे।

ग्रामीणों तक प्रभावी संदेश पहुँचाने के लिए नुक्कड़ नाटक, परिचर्चा, स्लोगन एवं शपथ जैसे माध्यमों का उपयोग किया गया। प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, आंगनबाड़ी केंद्र तथा ग्राम के आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक इस कार्यक्रम में सहभागिता की और इसे सकारात्मक रूप से सराहा। अभियान में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय एवं यूनिसेफ़ का सहयोग और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम में रा.से.यो. इकाई से 12 स्वयंसेवकों ने भाग लिया, वहीं कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार शर्मा ने सम्पूर्ण आयोजन का नेतृत्व करते हुए जागरूकता गतिविधियों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया। ग्राम शिवपुर में आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों एवं समुदाय की सुरक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि ऐसे जागरूकता अभियानों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।