
सूरजपुर। ग्राम पंचायत त्रिपुरेश्वरपुर के वार्ड पंच मो. मोबिन ने क्षेत्रवासियों के समर्थन के साथ कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर माजा–कुदेली–राजापुर सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत त्रिपुरेश्वरपुर में निर्मित पानी टंकी तथा विभिन्न नाली निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय तकनीकी जांच की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि माजा–कुदेली–राजापुर मार्ग के निर्माण में मानकहीन सामग्री का उपयोग किया गया है तथा सड़क की गुणवत्ता और मोटाई निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं है। साथ ही तकनीकी मानकों की अनदेखी कर शासन की राशि का दुरुपयोग किए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई है। इसके अलावा सड़क निर्माण के दौरान कई ग्रामीणों की निजी भूमि बिना विधिसम्मत प्रक्रिया एवं उचित मुआवजा दिए उपयोग में लिए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
मो. मोबिन ने ज्ञापन में यह भी कहा है कि ग्राम पंचायत त्रिपुरेश्वरपुर में निर्मित पानी टंकी में निर्माण के प्रथम दिन से ही लगातार लीकेज हो रहा है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं और ग्रामीणों को पेयजल सुविधा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में पीवरी चौक के पास निर्मित नाली के एक वर्ष के भीतर क्षतिग्रस्त हो जाने तथा निर्माण में उचित लेवल नहीं दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है, जिसके कारण जल जमाव की समस्या बनी हुई है। साथ ही हरिजन श्मशान के पास अधूरी छोड़ी गई नाली को शीघ्र मुख्य नाले से जोड़ने की मांग भी की गई है।
मो. मोबिन ने बताया कि इन मामलों की जानकारी प्राप्त करने के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत आवेदन भी प्रस्तुत किया गया था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा के भीतर जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
ज्ञापन में सभी निर्माण कार्यों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय तकनीकी जांच, उपयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण, प्रभावित भूमिधारकों को उचित मुआवजा, दोषी ठेकेदारों, इंजीनियरों एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई तथा शासन को हुई क्षति की वसूली की मांग की गई है।
मो. मोबिन ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच एवं ठोस कार्रवाई प्रारंभ नहीं की गई, तो क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन किया जाएगा।