
सूरजपुर। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर मां और बेटे की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। कल कालीघाट में मिले 12वीं कक्षा के छात्र के शव की पहचान कर ली गई है। वहीं, केशवनगर की ममता कॉलोनी में छात्र की मां का शव घर के अंदर मिला है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे पुलिस ममता कॉलोनी स्थित घर पहुंची। दरवाजा बंद होने पर उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां महिला मृत अवस्था में मिली।
दोनों शवों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मां और बेटे की मौत के बीच क्या संबंध है और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।