सूरजपुर: बसदेई गांव में मधुमक्खियों का आतंक, ग्रामीण व स्कूली बच्चे घायल; सरपंच की उदासीनता पर आक्रोश

सूरजपुर। जिले के जनपद पंचायत सूरजपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बसदेई में इन दिनों मधुमक्खियों का आतंक तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मधुमक्खियों के झुंड ने कई ग्रामीणों सहित स्कूली बच्चों को भी अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे वे घायल हुए हैं।
भीड़भाड़ वाले इलाके में खतरा
बताया जा रहा है कि जिस पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा जमावड़ा है, वह क्षेत्र अत्यंत भीड़भाड़ वाला है। पेड़ के आसपास मंदिर और स्कूल भी स्थित हैं, जिसके चलते यहां दिनभर लोगों और बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। इस संवेदनशील स्थिति के कारण हर वक्त किसी गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है।


सरपंच की निष्क्रियता से ग्रामीणों में आक्रोश
ग्राम वासियों ने इस गंभीर समस्या के निराकरण के लिए कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच को लिखित और मौखिक शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने समस्या की गंभीरता से अवगत कराया, लेकिन सरपंच ने इस दिशा में कोई उचित उपाय नहीं किया। सरपंच की इस उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन या ग्राम पंचायत द्वारा इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया और मधुमक्खियों के छत्ते हटाने या सुरक्षित करने का कोई उपाय नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसके लिए सीधे तौर पर ग्राम पंचायत जिम्मेदार होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

0987654321