तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव की तैयारियाँ को लेकर ली गई बैठक

-पेयजल, निर्बाध बिजली, पार्किंग एवं कचरा प्रबंधन को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

सूरजपुर/11 मार्च 2026/ जिले के विकासखण्ड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरगढ़ में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव का भव्य आयोजन प्रस्तावित है। महोत्सव के लिए 23 से 25 मार्च 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।
महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आज कुदरगढ़ स्थित न्यू रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में लोक न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री राम सेवक पैकरा, श्री भुवन भास्कर सिंह एवं ट्रस्ट के अन्य सदस्यों के साथ-साथ कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले, संयुक्त कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र शर्मा, एसडीएम श्रीमती चांदनी कंवर एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


विभागवार दायित्वों की बिंदुवार समीक्षा-
बैठक में महोत्सव की रूपरेखा के अनुरूप विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध विद्युत व्यवस्था, मंच की साज-सज्जा, विभागीय स्टॉल, अग्निशमन व्यवस्था, खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई। लोक न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री राम सेवक पैकरा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर-

बैठक में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का विषय विशेष रूप से केंद्र में रहा। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने एसडीएम एवं जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि कुदरगढ़ मंदिर परिसर के आसपास दुकान लगाने वाले दुकानदारों की बैठक आयोजित कर उन्हें कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए और आवश्यक उपचारात्मक उपाय सुनिश्चित कराए जाएं। पेयजल व्यवस्था के संबंध में कलेक्टर ने नगर पंचायतों को पानी टैंकर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्थल निरीक्षण भी किया गया-

बैठक की समाप्ति के पश्चात् लोक न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री राम सेवक पैकरा, ट्रस्ट सदस्यों, कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

0987654321